आजमगढ़। जनपद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर आगामी 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम विकासखंड पल्हनी स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम, मुजफ्फरपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 5:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के निर्देशन में आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान आश्रम परिसर के मार्गों की दोनों पटरियों से कचरा हटाया गया, घास की कटाई कराई गई, झाड़ू लगाई गई तथा चुने का छिड़काव कर स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जनपद के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता करेंगे तथा योग के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “करो योग, रहो निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिला अध्यक्ष सी.पी. यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, सेक्टर प्रभारी अभय चौहान, संजय कुमार, बृजेश यादव, अनिल मौर्य, वीरेंद्र कुमार, संजय राम, राजबहादुर चौधरी, अरविंद कुमार, श्रीराम, सुनील यादव, रामबचन राम, सुनील कुमार, अजय मौर्य, अतुल कुमार, नंदू, शिवकुमार, रतन यादव, उमेश यादव, राजेश कुमार, भगवान मौर्य, सुरेश यादव सहित अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
