उपजिलाधिकारी निजामाबाद अतुल आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
सरायमीर, आजमगढ़। दुर्गा पूजा के मद्देनज़र कोतवाली सरायमीर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निजामाबाद अतुल आनंद ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी प्रेम, सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
प्रशासन की ओर से यह भी अपील की गई कि किसी भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखना रहा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निजामाबाद अतुल आनंद, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट अयान जैन, उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज बलिराम गुप्ता, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पाण्डेय, थानाध्यक्ष सरायमीर भुवनेश कुमार चौबे सहित क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर: नूरुलऐन फ़िरोज़ी
