ककरहाट।क्षेत्र की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब ककरहाट के लोकप्रिय प्रधान अब्दुल मन्नान प्रधान ने समाजवादी पार्टी को अलविदा कहते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अब्दुल मन्नान प्रधान ने कहा कि “समाजवादी पार्टी में मुझे उचित सम्मान नहीं मिल रहा था। राजनीति केवल पद की दौड़ नहीं है, बल्कि यह सम्मान और जनता की सेवा का माध्यम है। यही कारण है कि मैंने बसपा का हाथ थामा है, क्योंकि बसपा ही वह पार्टी है जो हर वर्ग के सम्मान की बात करती है।”उन्होंने आगे कहा कि उनका संकल्प है कि 2027 में बसपा को पूर्ण बहुमत दिलाकर बहन कुमारी मायावती जी को उत्तर प्रदेश के सिंहासन पर मुख्यमंत्री के रूप में बैठाया जाए। इस दिशा में वे गाँव-गाँव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और बसपा की नीतियों को जनता तक पहुँचाएंगे।
इस ऐलान के बाद इलाके की राजनीति में नई हलचल मच गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ककरहाट जैसे क्षेत्रों से बसपा को मजबूती मिलने की शुरुआत हो चुकी है।
अब देखना यह होगा कि आने वाले समय में अब्दुल मन्नान प्रधान का यह फैसला बसपा की जमीन को कितना मजबूत करता है।

