Site icon Akclivenews18

गलत रिपोर्ट के आधार पर एसडीओ और जेई निलंबित, अभियंता संगठनों ने किया विरोध

आज़मगढ़। ग्राम देवरिया खालसा में 10 केवीए ट्रांसफार्मर पर मरम्मत के दौरान हुए हादसे को लेकर अवर अभियंता श्री अमन वर्मा और उपखंड अधिकारी श्री अभिषेक राय के निलंबन के विरोध में अभियंता संगठनों ने मुख्य अभियंता कार्यालय पर विरोध दर्ज कराया और निलंबन निरस्त करने की मांग उठाई।

मामले के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को ट्रांसफार्मर पर फ्यूज बांधने के लिए पूर्व नियोजित शटडाउन लिया गया था। सुरक्षा उपकरणों के साथ काम चल रहा था, इसी दौरान कर्मी श्री रामदुलारे गुप्ता पोल से नीचे गिर पड़े, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मृत्यु हो गई। शरीर पर किसी प्रकार के विद्युत स्पर्शाघात के निशान नहीं पाए गए।

संगठनों का आरोप है कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों की पुष्टि के, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-द्वितीय द्वारा मनगढ़ंत रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें विद्युत करंट को मौत का कारण दर्शाया गया। इसी आधार पर एक अक्टूबर को एसडीओ और जेई को निलंबित कर दिया गया।राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ और अवर अभियंता संगठन ने इसे अन्यायपूर्ण और आधारहीन कार्रवाई बताते हुए कहा कि नियमानुसार शटडाउन लिया गया था और अधिकारी घटना स्थल पर नहीं थे। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि निलंबन वापस नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रेस नोट पर क्षेत्रीय सचिव उपेन्द्र नाथ चौरसिया और जनपद अध्यक्ष धीरज कुमार पटेल के हस्ताक्षर हैं। प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

Exit mobile version