आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के सिरही गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कुदाल, लोहे की रॉड, दो डंडे और 500 नकद बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं।
घटना 25 अक्तूबर की रात की है। पीड़िता आशा देवी पत्नी स्व. जितेंद्र चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि जमीन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे और कुदाल से हमला कर उनके पति जितेंद्र चौहान (40) की हत्या कर दी थी।इस दौरान आशा देवी भी घायल हो गईं थीं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष मंतोष सिंह अपनी टीम के साथ रविवार की रात बघावर तिराहा से चारों वांछित आरोपियों सुग्गन चौहान, इन्द्रपाल चौहान, राबड़ी देवी व पार्वती देवी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मंतोष सिंह पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं, जिन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

