Site icon Akclivenews18

शिब्ली कॉलेज में ऑपरेशन सिंदूर पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

शिब्ली नेशनल कॉलेज, आज़मगढ़ में आगामी शिब्ली डे के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम दिवस पर एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता की थीम “ऑपरेशन सिंदूर”, “स्वतंत्रता दिवस” एवं “भारत विज़न 2047” रखी गई थी।

महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के छात्र-छात्राओं ने इन विषयों पर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए रंगोलियों के माध्यम से समाज को एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रनिर्माण का सकारात्मक संदेश दिया।

विदित हो कि महाविद्यालय 18 नवंबर 2025 को शिब्ली डे के अवसर पर शिब्ली पखवाड़ा मना रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें लेखन, क्विज़, भाषण, मिनी साइंस/पोस्टर, पुस्तक विवेचना, स्व-रचित रचनाएँ तथा खेल प्रतियोगिताएँ (इनडोर व आउटडोर गेम्स—फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, रस्साकशी आदि) शामिल हैं।

इन प्रतियोगिताओं का संचालन डॉ. जर्रार अहमद (विभागाध्यक्ष, शिक्षाशास्त्र) के संयोजकत्व में किया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. ज़ुबैर अहमद (विभागाध्यक्ष, वाणिज्य) एवं डॉ. मीशम अब्बास (समाजशास्त्र विभाग) अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 18 नवंबर 2025 को आयोजित मुख्य समारोह में स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में प्रो. मोहम्मद खालिद, प्रो. अफज़ाल अहमद, डॉ. गीता यादव, श्रीमती सिद्दीका ज़ैदी, डॉ. शालिनी मिश्रा तथा श्रीमती नुज़हत परवीन ने अपनी भूमिका का निर्वहन किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने आयोजन समिति से वार्ता करते हुए कहा कि “ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में चरित्र-निर्माण, एकता, अनुशासन तथा विपरीत परिस्थितियों में जीवन जीने की कला विकसित करती हैं। महाविद्यालय परिवार सदैव ऐसे कार्यक्रमों की सफलता हेतु तत्पर रहेगा।”

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री सोहैब अज़ीज़, श्री मोनिस अब्बास, श्री रेहान अहमद, डॉ. शफ़ीउज्ज़मां, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. अनीता राय एवं डॉ. प्रियंका यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Exit mobile version