समाजवादी पार्टी आजमगढ़ द्वारा जनपदवासियों के लिए 1962 भारत-चीन युद्ध के समय रेजांगला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित फिल्म “120 बहादुर” का विशेष प्रदर्शन कराया गया। इस अवसर पर आजमगढ़ के सांसद श्री धर्मेन्द्र यादव, जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फिल्म के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद धर्मेन्द्र यादव ने फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रेजांगला की लड़ाई देश के महान इतिहास की गवाही है, जिसे आज भी बहुत कम लोग जानते हैं। हमारे 120 बहादुर सैनिकों ने कैसे चीन के 3000 सैनिकों को रोककर अकल्पनीय पराक्रम किया—यह फिल्म पूरे देश को बताने का काम करती है।
उन्होंने कहा कि यह पूर्णतः ऐतिहासिक सत्य है, और श्रद्धेय नेताजी (मुलायम सिंह यादव) हमेशा कहा करते थे कि भारत के सैनिकों जैसा बहादुर सैनिक दुनिया में कोई नहीं। आज यह बात फिल्म के माध्यम से और अधिक प्रमाणित होती है। सांसद ने कहा कि सरकार को हर समय सैनिकों के सम्मान, गौरव और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहना चाहिए।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा:
“सैनिक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देते हैं और सरकार ने उनके लिए लाई क्या—अग्निवीर योजना! जिसमे 4 साल की नौकरी, और इसके बाद न भविष्य की सुरक्षा, न परिवार का संरक्षण। मेरी सरकार से मांग है कि इस योजना को तुरंत समाप्त किया जाए।”
सांसद ने अहीर रेजिमेंट तथा गुजरात रेजिमेंट की स्थापना की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दोनों रेजिमेंट बनेंगी तो स्पष्ट हो जाएगा कि किस प्रदेश और समाज के लोगों में देशभक्ति की भावना कितनी प्रबल है।
उन्होंने सरकार पर ऑपरेशन सिंदूर में ‘दबाव में सीजफायर’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सैनिकों का मनोबल प्रभावित हुआ है।
कार्यक्रम में सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ प्रमुख रूप से उपस्थित नेताओं में—
विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक कमलकांत राजभर, विधायक डॉ. एच.एन. पटेल, विधायक श्रीमती पूजा सरोज, विधायक बेचई सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, महिला सभा जिला अध्यक्ष बबीता चौहान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

