Site icon Akclivenews18

हाफिजपुर में शहीद डॉ. राम आशीष सिंह की 9वीं पुण्यतिथि पर अटेवा का संकल्प: “OPS लागू होने तक संघर्ष जारी”

आजमगढ़।शहीद डॉ. राम आशीष सिंह की 9वीं पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि सभा एवं संकल्प दिवस का आयोजन रविवार को शहीद भगत इंटर कॉलेज, हाफिजपुर में किया गया। कार्यक्रम में अटेवा के जुझारू शिक्षक, कर्मचारी तथा ग्रामीण सफाई कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सभी ने उनकी शहादत को नमन करते हुए पुरानी पेंशन बहाली (OPS) की मांग के समर्थन में अमरूद का पौधा लगाकर संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान अटेवा जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि “डॉ. राम आशीष सिंह की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। पुरानी पेंशन लागू होने तक हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा।”

जिला महामंत्री ओंकार नाथ ने बताया कि डॉ. राम आशीष सिंह ने ओल्ड पेंशन सिस्टम की लड़ाई लड़ते-लड़ते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। “हम सभी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और OPS लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा।”

अटेवा नेता गुलाब चौरसिया ने कहा कि संगठन लगातार आंदोलनरत है। आज श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पौधारोपण कर यह संकल्प लिया गया कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं मनोज मौर्य, संदीप यादव, सुनील सिंह, जोगिंदर यादव ने भी पुरानी पेंशन लागू होने तक संघर्ष जारी रखने की बात दोहराई। वक्ताओं ने कहा कि “सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि जब एक से अधिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं, तो कर्मचारियों को उनका हक क्यों नहीं मिलना चाहिए?”

अटेवा जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षक-कर्मचारियों ने शहीद डॉ. राम आशीष सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए OPS बहाली को लेकर एकजुटता दिखाई।

कार्यक्रम में नवल किशोर, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में अटेवा कार्यकर्ता और ग्रामीण कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version