Site icon Akclivenews18

सरकारी गोशाला में साड़ के हमले से मनरेगा मजदूर की मौत, घंटों तक बिना मदद पड़ा रहा घायल

संवाददाता अश्वनी पाठक 

जहानागंज थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव स्थित सरकारी गोशाला में रविवार की शाम साड़ के हमले से मनरेगा मजदूर की मौत हो गई। मृतक इकबाल (58) गोशाला में मवेशियों की देखरेख का काम करते थे। घटना के समय वे गोशाला में अकेले मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अचानक एक साड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।

घायल इकबाल घंटों तक गोशाला में पड़े रहे, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई। देर शाम करीब पाँच बजे उनका साथी गोशाला पहुँचा तो घटना का पता चला। साथी ने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल इकबाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इकबाल मनरेगा मजदूर के रूप में तैनात थे और गांव के प्रधान द्वारा उन्हें गोआश्रय स्थल में मवेशियों की देखरेख का कार्य दिया गया था। उनके साथ दो–तीन लोग और भी गोशाला में काम करते थे, लेकिन घटना के समय वे अकेले थे।

मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी पुष्पा समेत परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में गोशाला की सुरक्षा और निगरानी को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

Exit mobile version