Site icon Akclivenews18

महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने हेतु एकरामपुर में चला विशेष स्वच्छता अभियान

आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था कि भारत स्वच्छ और सुंदर बने। उनके इसी सपने को साकार करने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के आदेश के क्रम में विकासखंड पल्हनी की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक साफ-सफाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत एकरामपुर में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के निर्देश पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों से पॉलिथीन एकत्र कर बोरे में भरी गई तथा उसे उचित स्थान पर निस्तारित किया गया। साथ ही झाड़ू लगाकर कचरा हटाया गया एवं नालियों की सफाई कर जलनिकासी को सुचारु किया गया।

यह स्वच्छता कार्य ग्राम प्रधान की देखरेख में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि पहले स्वयं को स्वच्छ रखें, फिर अपने घर के आसपास साफ-सफाई अपनाएं और पूरे ग्राम पंचायत को स्वच्छ बनाए रखें, ताकि बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।

अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। स्वच्छता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “हम लोगों ने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है।”

Exit mobile version