आजमगढ़।
कड़ाके की ठंड और शीतलहरी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सतर्क हो गया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने बताया कि शीतलहरी के दौरान दृश्यता कम होने, कोहरे और फिसलन के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
एआरटीओ ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में जनपद में विशेष यातायात अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत “नो हेलमेट–नो फ्यूल”, सीट बेल्ट अनिवार्यता, हेलमेट जांच तथा अन्य यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा, वहीं चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य रहेगी।
अतुल कुमार यादव ने कहा कि शीतलहरी के समय लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षक सुरक्षा कवच हैं। अभियान का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित रखना है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि ठंड और कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाएं, हेडलाइट का सही प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त प्रयास से यह अभियान जनपद भर में प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।

