Site icon Akclivenews18

मनरेगा के नाम परिवर्तन के विरोध में कांग्रेस का उपवास, 11 जनवरी को आज़मगढ़ में प्रदर्शन

आजमगढ़।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी आज़मगढ़ द्वारा केंद्र सरकार के मनरेगा (MGNREGA) का नाम बदलने एवं उसकी मूल संरचना में परिवर्तन के निर्णय के विरोध में 11 जनवरी 2026 को उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह उपवास प्रातः 11 बजे से गांधी प्रतिमा, रैदोपुर पर किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने बताया कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और सम्मान की गारंटी है। योजना के नाम में बदलाव और उसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करना गरीबों के अधिकारों को कमजोर करने की साजिश है। कांग्रेस पार्टी इसे गरीब विरोधी और संविधान की भावना के खिलाफ मानती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और अहिंसक तरीके से इस जनविरोधी निर्णय का विरोध करेगी। इस उपवास कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार को यह संदेश दिया जाएगा कि मनरेगा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी ने AICC एवं PCC सदस्यों, पूर्व प्रत्याशियों, जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों, नगर पालिका–नगर पंचायत अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर गरीबों के अधिकारों की रक्षा की इस लड़ाई को मजबूती देने की अपील की है।

Exit mobile version