आजमगढ़।
जनपद आजमगढ़ में तीन दिन से लापता तहसील कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली गाँव से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुरेश उपाध्याय सदर तहसील आजमगढ़ में अमीन पद पर तैनात थे। वह 17 जनवरी की सुबह सदर तहसील से बैग लेकर निकले थे, लेकिन इसके बाद अपने घर वापस नहीं पहुंचे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
तीन दिन बाद आज शाम उनका शव सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली गाँव में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस कुछ भी स्पष्ट नहीं कर पा रही है। यह हत्या है, हादसा है या कोई अन्य कारण, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

