आजमगढ़, 14 फरवरी 2026 (शनिवार):
मनोज कुमार सोनकर, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पीएसी वाराणसी अनुभाग द्वारा 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ का वार्षिक भ्रमण/निरीक्षण किया गया। उनके आगमन पर सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी महोदय ने समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की परेड कराई। परेड के उपरांत उन्होंने वाहिनी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में निर्मित साइकिल स्टैंड एवं खेल-कूद पार्क का उद्घाटन किया। इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली गई तथा जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कोत में आर्म्स एवं अम्युनिशन के रख-रखाव का भी गहन निरीक्षण किया गया।
महोदय ने ड्यूटी दल बैरक, भोजनालय, वाहिनी चिकित्सालय, जी+11 बहुमंजिला इमारत, पुलिस मॉडर्न स्कूल, परिवहन शाखा, सभी दल स्टोर एवं आवासीय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सैनिक सम्मेलन की कार्यवाही पीएसी गान से प्रारंभ हुई। सम्मेलन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। अपने संबोधन में डीआईजी ने जवानों को खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने प्रत्येक जवान को एसओपी की पूर्ण जानकारी रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक शाखा, आंकिक शाखा, शिविरपाल शाखा एवं सैन्य सहायक कार्यालय का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सहायक सेनानायक श्वेता आशुतोष ओझा, शिविरपाल अमरनाथ यादव, सूबेदार सैन्य सहायक बीजेंद्र सिंह सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

