Site icon Akclivenews18

क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच बना वॉलीबॉल टूर्नामेंट – डॉ. ओंकार राय

सगड़ी (आज़मगढ़): 15 फरवरी 2026 – IDEA and Startup Purv के तत्वावधान में आयोजित सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट–2026 का भव्य समापन रविवार को केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मऊकुतुबपुर, सगड़ी में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में बी एन डब्लू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज पोस्टल को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचक और उत्साहपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने उच्च स्तरीय खेल, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया। टीम कैप्टन रजत के कुशल नेतृत्व में बी एन डब्लू ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए IDEA and Startup Purv के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. ओंकार राय ने कहा कि यह वॉलीबॉल टूर्नामेंट क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ाने का एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं खेल भावना का विकास होता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक है।

उन्होंने आगे कहा कि संस्था का उद्देश्य खेल, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। इसी सोच के तहत इस प्रकार के आयोजनों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। विजेता टीम बी एन डब्लू को ₹51,000 की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता टीम प्रयागराज पोस्टल को ₹31,000 की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल सात टीमों — बी एन डब्लू, एन ई आर (नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे), प्रयागराज पोस्टल, देवरिया हॉस्टल, मुजफ्फरनगर, आजमगढ़ एवं पटना — ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों के बीच कुल 13 रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिससे प्रतियोगिता अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक बनी रही।

खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और उत्साह को और बढ़ाया। आयोजन समिति ने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प दोहराया तथा युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

Exit mobile version