Site icon Akclivenews18

आजमगढ़: बेलनाडीह में दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह मोड़ पर रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दबंग युवक ने सब्जी व किराना विक्रेता की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह गांव निवासी सोनू मध्देशिया पुत्र रामाश्रय शाह गांव में ही किराना व सब्जी की दुकान चलाते हैं। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही राणा सिंह पुत्र दुर्गविजय सिंह लगभग छह माह पूर्व भी उनकी दुकान पर आकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे चुका था। उस समय उन्होंने विवाद बढ़ने के डर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

बताया जा रहा है कि रविवार की शाम राणा सिंह पुरानी रंजिश को लेकर फिर से दुकान पर पहुंचा और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर झोंक दिया। जान बचाने के लिए सोनू मध्देशिया वहां से भागकर घर की ओर चले गए। आरोप है कि आरोपी ने उनके पीछे दो और राउंड फायर किए, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version