Site icon Akclivenews18

जिंदा जला ट्रक चालक: खड़े ट्रेलर में टक्कर के बाद कोयला लदे ट्रक में लगी आग, धू-धू कर जल गया वाहन

संवाददाता मनोज कुमार

मऊ में दोहरीघाट थाना के बसारथपुर स्थित फोरलेन पर बुधवार को बालू लदे खड़े ट्रेलर में पीछे से कोयला लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कोयला लदे ट्रक में आग लग गई, जिसमें ट्रक चालक जिंदा जल गया। मृत चालक की पहचान झारखंड राज्य के चोपारन निवासी संदीप राना (26) के रूप में हुई। ट्रक से उठती आग की लपटों को देख कर वहां मौजूद लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू

आग लगने के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड की मदद से कड़ी मशक्कत कर दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। बुरी तरह झुलस कर कई टुकड़ों में हो चुके चालक के शव को किसी तरह बाहर निकाल कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर जानकारी मिलने पर सीओ घोसी जितेंद्र सिंह, कोतवाल प्रमेंद्र सिंह और दोहरीघाट थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। क्या है पूरा मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना से करीब आधे घंटे पहले गोरखपुर की तरफ जा रहे बालू लदे दो ट्रेलर चालक फोरलेन पर वाहन खड़ा करके किसी बात को लेकर कहासुनी कर रहे थे। उसी दौरान वाराणसी की तरफ से गोरखपुर कोयला लदा ट्रक लेकर चालक जा रहा था। इसी दौरान बालू लदे ट्रेलर में ट्रक की पीछे से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तुरंत कोयला लदे ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों को देखने के बाद मौके से लोग भागने लगे। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और फायर बिग्रेड को घटना की जानकारी दी। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग को बुझाया गया ट्रक जलकर राख हो गया।

Exit mobile version