Site icon Akclivenews18

कांशीराम आवास में बिजली कटौती पर महिलाओं का प्रदर्शन, मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

बकाया बिल को लेकर विभाग सख्त, आधे घंटे बाद पुलिस ने खुलवाया जाम

आजमगढ़। नगर के पुरानी जेल के पास स्थित कांशीराम आवास में दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज महिलाओं ने बुधवार को सड़क पर उतरकर नगर पालिका-चौक मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं चंपा, किरन, भागीरथी, इंद्रावती, केसरी, मुन्नी और मालती ने बताया कि बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने का हवाला देते हुए दो दिन पहले आधी कॉलोनी की बिजली काट दी। शिकायत के बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई। महिलाओं का आरोप है कि आवास आवंटन के समय बिजली और पानी मुफ्त देने का वादा किया गया था, लेकिन अब विभाग के अधिकारी कॉलोनी में आकर पांच से आठ लाख रुपये तक का बकाया बिल बता रहे हैं।

बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वार्ड सभासद सत्येंद्र कुमार ने कहा कि विभागीय अधिकारी मौके पर आकर समस्या का स्थायी समाधान करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

वहीं शहर कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कर यातायात सुचारु करा दिया गया।

इस संबंध में एसडीओ नगर मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि कॉलोनी के लोग बिजली का उपभोग तो कर रहे हैं, लेकिन बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। ओटीएस योजना के तहत कई बार कैंप लगाकर पंजीकरण कराने और लाभ लेने का अवसर दिया गया, परंतु बहुत कम लोगों ने इसका लाभ उठाया। बकाया बिल जमा करना उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है।

Exit mobile version