Site icon Akclivenews18

होली से पहले एकरामपुर में विशेष स्वच्छता अभियान, नाली सफाई व दवा छिड़काव

आजमगढ़, 28 फरवरी 2026।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड पल्हनी सहित सभी ग्राम पंचायतों में विशेष साफ-सफाई अभियान तेज कर दिया गया है। होली पर्व को देखते हुए ग्राम स्तर पर नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत एकरामपुर में ग्राम प्रधान की देखरेख में हरिजन बस्ती में विशेष अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने नालियों की सफाई की, झाड़ू लगाकर गलियों को स्वच्छ बनाया और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए दवाओं का छिड़काव किया। ग्रामीणों को अपने घरों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक भी किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार के रोगों के प्रकोप को देखते हुए स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके। जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान चला रहे हैं।

अभियान के दौरान गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बने।

Exit mobile version