Site icon Akclivenews18

फर्जी नक्शा बनाकर जमीन बेचने के नाम पर 2.87 करोड़ की ठगी, गैंगेस्टर कृष्णचंद्र राय गिरफ्तार

आजमगढ़, 08 मार्च।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गैंगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर कृष्णचंद्र राय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्णचंद्र राय निवासी मोहम्मदपुर फेटी थाना बरदह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन दिखाकर उन्हें झांसे में लेता था और उनसे भारी रकम वसूल कर लेता था।

इस मामले में वादी रूद्रान्श राय ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने कोडर अजमतपुर स्थित जमीन को विवादमुक्त बताकर 10 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से सौदा तय किया और अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से करीब 33 लाख 30 हजार रुपये अग्रिम ले लिए। बाद में न तो जमीन का पूरा एग्रीमेंट कराया गया और न ही कब्जा दिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके गिरोह ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अब तक करीब 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपी के खिलाफ जनपद के कई थानों में जालसाजी और धोखाधड़ी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version