Site icon Akclivenews18

8 मार्च से घर से था लापता, मछली मार्केट के पास नदी में मिला शव

आजमगढ़।

सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मछली मार्केट के पास नदी में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

मृतक की पहचान नमन प्रताप सिंह (17) पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी सिधारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नमन प्रताप सिंह 11वीं कक्षा का छात्र था और वह 8 मार्च से घर से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था।

मंगलवार को दोपहर करीब 11 बजे सिधारी के मछली मार्केट के पास नदी में एक शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।

बताया जा रहा है कि मृतक के पिता राम प्रताप सिंह स्थानीय भाजपा नेता हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Exit mobile version