आजमगढ़। रामनवमी के पावन अवसर पर जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक साफ-सफाई की गई।
विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत सराय मनराज में 27 मार्च 2026 को विशेष अभियान चलाते हुए कचरा हटाने, नालियों की सफाई, झाड़ू लगाने और दवा छिड़काव का कार्य किया गया। ग्राम प्रधान की देखरेख में सफाई कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जिससे मौसमी और संचारी रोगों पर नियंत्रण पाया जा सके। प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे अपनाकर ही बीमारियों से बचाव संभव है।
इस अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, नर्मदा गौंड सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जनपद के विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

