
आजमगढ़। शहर के जाफरपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा कृत आंचल श्रीवास्तव ने UPPCS परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में चयनित होकर कृत आंचल श्रीवास्तव ने नायब तहसीलदार पद के लिए अपनी जगह बनाई है। उनकी इस सफलता पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल परिवार द्वारा विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती तरन्नुम खान ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। वहीं मैनेजर नवाज अहमद खां एवं सुषीला रेखा सिंह ने मोमेंटो देकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर डॉ. आफताब अहमद खां ने कहा कि कृत आंचल की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष अहमद खां ने भी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कृत आंचल को भविष्य में IAS बनने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कृत आंचल श्रीवास्तव ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी सफलता में शिक्षकों का मार्गदर्शन अहम रहा।

