Site icon Akclivenews18

मेगा डेंटल कैंप में शिक्षक,कर्मचारी एवं छात्र छात्राओं ने कराया दांतों का परीक्षण

सुविवि में आयोजित निःशुल्क जांच और विशेषज्ञ परामर्श से सैकड़ों लाभान्वित

स्वास्थ ही जीवन की सबसे अनमोल पूंजी,  ….कुलपति

आजमगढ़।महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के यूनिवर्सिटी हेल्थ सेंटर में मेगा डेंटल एवं ओरल हेल्थ चेक-अप कैंप का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार के मार्गदर्शन में जनपद के चर्चित दंत चिकित्सकों द्वारा विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य पहल में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि न्यू फैसिलिटी सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा,“स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और मौखिक स्वास्थ्य उसका एक महत्वपूर्ण आधार है। आज के दौर में लोग दांतों और मसूड़ों की समस्याओं को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर बीमारियों का रूप ले सकती हैं। यह कैंप केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता का एक सशक्त माध्यम है, जो लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने और नियमित जांच के प्रति प्रेरित करता है। हमारा लक्ष्य है कि विश्वविद्यालय परिवार का हर सदस्य शारीरिक रूप से स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बने।”

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में दंत एवं मसूड़ों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे बचाव के लिए समय पर जांच और सही जानकारी बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में अनुभवी दंत चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों के दांतों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

कैंप में उपस्थित दंत विशेषज्ञ डॉ. शैलजा कांत पाण्डेय ने प्रतिभागियों को दांतों की सही देखभाल, उचित ब्रशिंग तकनीक, संतुलित आहार के महत्व तथा बेहतर ओरल हाइजीन बनाए रखने के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, गंभीर समस्याओं से ग्रसित मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया गया।उन्होंने कहा कि, “स्वस्थ दांत न केवल सुंदर मुस्कान का आधार होते हैं, बल्कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य को भी प्रभावित करते हैं। इसलिए नियमित जांच और सही देखभाल अत्यंत आवश्यक है।”

यह कैंप मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया था, हालांकि अन्य इच्छुक लोगों ने भी इसमें भाग लेकर इस पहल का लाभ उठाया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, डॉ. प्रशांत, डॉ. दीपक, डॉ. प्रतीक कुमार पाण्डेय, स्नेहा सहित अनेक शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी से अपील की कि वे इस प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही, भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया गया, ताकि एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

डॉ. प्रवेश सिंह मीडिया प्रभारी महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ मो.नं.9452 44 58 78

Exit mobile version