एकरामपुर में नाली सफाई, कचरा निस्तारण व चुना छिड़काव कर लोगों को किया जागरूक
आजमगढ़ (पल्हनी):
जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता अभियान तेज कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के निर्देश पर विकासखंड पल्हनी सहित सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत एकरामपुर में ग्राम प्रधान की देखरेख में सफाई कर्मियों ने नालियों की सफाई, कचरा हटाने, झाड़ू लगाने और चुना का छिड़काव कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे अपने घरों और आसपास नियमित साफ-सफाई रखें, जिससे संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।
सफाई कर्मियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि “हम लोगों ने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है।”
अभियान के दौरान गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न गांवों में इसी तरह व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

