Site icon Akclivenews18

गंगोत्री होटल में भाजपा जिलाध्यक्ष की प्रेस वार्ता, सपा पर लगाए गंभीर आरोप

आजमगढ़।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने रविवार को गंगोत्री होटल के सभागार में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के समक्ष प्रेस वार्ता कर जनपद में हाल ही में हुई घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कुछ नेताओं पर जाति बिरादरी के आधार पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा की।

उन्होंने बताया कि मेंहनगर क्षेत्र के गोपालपुर में अंबेडकर जयंती के दौरान भीम आर्मी के कुछ लोगों द्वारा गेट पर लगे केसरिया झंडे को हटाकर अपना झंडा लगाने का प्रयास किया गया, जिसे ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक रोक दिया था और उस समय कोई विवाद नहीं हुआ।

भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार, अगले दिन सुबह कुछ लोग संगठित होकर लाठी-डंडों के साथ पुनः मौके पर पहुंचे और जबरन झंडा लगाने का प्रयास करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामवासियों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के समझाने के बावजूद वे लोग नहीं माने, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी पथराव और लाठी-डंडों का प्रयोग किया गया, जिसमें उपनिरीक्षक उमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई ग्रामीण भी चोटिल हुए।

ध्रुव कुमार सिंह ने समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष के बयान को निराधार, भ्रामक और अशोभनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के बयान समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों एवं संविधान के अनुरूप कार्य करती है और हर वर्ष उनकी जयंती पूरे सम्मान के साथ मनाती है।

अंत में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Exit mobile version