अब पीडब्ल्यू व जिला प्रशासन के लिए परीक्षा की घड़ी
डीडीयू नगर। नगर में सड़क चौड़ी करण को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासल लगाता बैठक कर रणनिति तैयार कर रही हैं लेकिन हमेशा किसी न किसी के दबाव में आकर मामला थम जा रहा हैं। दुकानदारों सहित भवन स्वामियों को लगातार नोटिस देने के बावजूद अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर रविवार की देर सायं पीडीडीयू नगर तहसील उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, नगर पालिका परिषद ईओ/एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना व पीडब्लूडी के अधिकारियों सहित कार्यदायी संस्था के लोगों ने डीजे वाहन के साथ नगर के सुभाष पार्क से लेकर जीटीआर ब्रिज तक पैदल गस्त कर लोगों को दो दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने या फिर अपने अपने प्रतिष्ठानों से समान को खाली कर देने की सख्त चेतवनी दी है। साथ ही स्पष्ट रूप ने बताया है कि अतिक्रमण हटवाने के दौरान बुलडोजर से जो नुकसान होगा उसके लिए वह स्वयं जिम्मेवार होंगे। इस चेतावनी के बाद व्यवसायियों में हड़कम्प मचा हुआ है।
विदित हो कि सड़क चौड़ीकरण (सिक्स लेन/फोर लेन) के दौरान मुख्य रूप से दुल्हीपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित सुभाष पार्क से लेकर जीटीआर ब्रिज तक कार्यदायी संस्था, पीडब्लूडी व जिला प्रशासन को शुरू से ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच मुगलसराय विधायक द्वारा नई बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पास से गल्ला मंडी चौराहे तक फोर लेन करवा देने के बाद स्थानीय लोगों के साथ समाजसेवियों ने विगत वर्ष लंबा अनशन प्रदर्शन किया था। जिसमें प्रशासन और प्रदर्शन कर रहे लोगों से कई बार झड़प भी हुई साथ ही प्रशासन ने कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। लोगों की मांग थी कि नगर में भी सिक्स लेन ही किया जाए ताकि जाम से निजात मिल सके। इस दौरान विधायक को भी काफी आक्रोश का सामना करना पड़ा था क्योंकि फोर लेन में भी उन्होंने नगर में 52 की जगह 46 फिट का मानक करवा दिया था। वहीं नगर के दुकानदार चाहते हैं कि उन्हें वहां से न हटाया जाए। जबकि वास्तविकता यह है कि लगभग 80 प्रतिशत दुकान पीडब्लूडी की जमीन पर ही है। तमाम धरना प्रदर्शन व आक्रोश के बाद नगर में मानक के अनुरूप पुनः 52 फिट की सड़क की सहमति के बाद अब कार्यदायी संस्था व पीडब्लूडी को अतिक्रमण हटवाना एक चुनौती है। हालांकि प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। रविवार देर शाम मुगलसराय के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, एसडीएम अनुपम मिश्रा, नगर पालिका के ईओ राजीव मोहन सक्सेना और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की एक संयुक्त टीम व भारी संख्या में पुलिसबल ने सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। यह कार्रवाई सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं के कारण की गई है। सड़क निर्माण का मुख्य हिस्सा पूरा हो चुका है, लेकिन फुटपाथ और पटरी निर्माण का कार्य अभी बाकी है। सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण पीडब्ल्यूडी के कार्यों में रुकावट आ रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिरिक्त अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। इसके लिए उन्हें दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को बलपूर्वक हटाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त सड़कें न केवल निर्माण कार्य को गति देंगी, बल्कि आम जनता को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा भी प्रदान करेंगी। इस संयुक्त अभियान के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कई अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपने कब्जे हटाने में जुट गए हैं।

