Site icon Akclivenews18

स्कूल बस की टक्कर से कक्षा 9 के छात्र की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

अतरौलिया क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, चालक पर लापरवाही का आरोप; परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की

आजमगढ़, 29 अप्रैल 2026 (बुधवार):

जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9 के छात्र की मौत हो गई। पकरडीहा गांव के पास स्कूल जा रहे छात्र को तेज रफ्तार स्कूल बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकरडीहा निवासी 14 वर्षीय आनंद राजभर पुत्र फिरतू राजभर सुबह करीब 8:30 बजे साइकिल से पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज जा रहा था। गोरहरपुर मोड़ के पास अतरौलिया की ओर मुड़ते समय नंदना बाजार की तरफ से आ रही ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र बस के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भी बस नहीं रुकी और छात्र तथा उसकी साइकिल को कुछ दूरी तक घसीटती चली गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया है।

मृतक आनंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई अमन इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि छोटा भाई आदित्य कक्षा 8 में पढ़ता है। पिता फिरतू राजभर दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश फैल गया। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित लोगों ने करीब 15 मिनट तक सड़क जाम कर शव उठाने से रोक दिया। बाद में पुलिस ने समझाकर शव को कब्जे में लिया, लेकिन रास्ते में सम्मो माता मंदिर के पास भी दो बार शव को रोका गया।

थाने पर भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। परिजनों ने भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उनके प्रतिनिधि के पहुंचने के बाद भी परिजन स्कूल बस और चालक को थाने लाने की मांग पर अड़े रहे। काफी समझाने-बुझाने के बाद वे आगे की कार्रवाई के लिए राजी हुए।

परिजनों ने बस चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताते हुए स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Exit mobile version