Azamgarh पत्नी ने लगाया पति पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का आरोप, तहरीर के बाद जांच में पुलिस ने सही पाया, आरोपी पर मुकदमा दर्जकर पुलिस कार्रवाई में जुटी।
जनपद आजमगढ़ में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौशहरा निवासी तबस्सुम ने अपने पति नेहाल हासिम पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगाते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जीयनपुर को एक दिन पूर्व शिकायती पत्र सौंपा था। जहां इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान सही तथ्य पाये जाने पर उनके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही में जुटी। हालांकि यह मामला पासपोर्ट को लेकर LIU पर भी कहीं-कहीं सवाल खड़े कर रहे हैं।
तबस्सुम ने तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2017 में थाना मुबारकपुर क्षेत्र के चकशिकठी इस्लामपुरा निवासी नेहाल हासिम से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके पति पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शादी के बाद पति जीयनपुर के नौशहरा में आकर रहने लगा और आए दिन मारपीट करने का आरोप लगाया। इससे परेशान होकर वह अपने नाबालिग भाइयों के साथ अलग रहकर सिलाई का कार्य कर जीवन यापन करने लगी। प्रार्थिनी का यह भी कहना है कि इसी दौरान जानकारी मिली कि उसके पति ने फर्जी कागजातों के आधार पर जीयनपुर का निवासी बनकर पासपोर्ट बनवा लिया और विदेश भी चला गया। फिलहाल कुछ कानूनी कारणों से वापस नौशहरा में रह रहा है। तबस्सुम ने पुलिस से मांग किया कि मामले की जांच कर फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में मुकदमा दर्जकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाये।
तबस्सुम, शिकायतकर्ता महिला
वहीं इस मामले में एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की नेहाल हासिम नामक व्यक्ति जो मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले उन्होंने गलत तरह से तथ्यों को छुपाकर नाम और पता बदलकर जीयनपुर क्षेत्र से 2017 में अपना पासपोर्ट बनवाया था, इसकी सूचना पर जब जांच की गई तो तथ्य सही पाए गये। पुलिस इस मामले में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्दी ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी

