Site icon Akclivenews18

मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण पर कई सवाल, 52 फीट तोड़फोड़ के फैसले से भड़के व्यापारी

मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनातनी बढ़ती नजर आ रही है। इसी मुद्दे पर आज मुगलसराय कोतवाली परिसर में एसडीएम, ईओ, सीओ समेत अन्य अधिकारियों और व्यापारियों के बीच अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पहले नगर पालिका प्रशासन द्वारा डीजे के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की अनाउंसमेंट के बाद कई व्यापारी सस्पेंस की स्थिति में हैं। वहीं, एक दिन पूर्व व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्याएं और आपत्तियां भी रखी थीं।

आज की बैठक में प्रशासन की ओर से सड़क से 52 फीट तक अतिक्रमण हटाने (तोड़फोड़) की बात दोहराई गई, जिस पर व्यापारी भड़क उठे। व्यापारियों का कहना है कि इतनी बड़ी कार्रवाई से उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों से राहत की गुहार लगाई, लेकिन अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कहते हुए अपने फैसले पर कायम रहने के संकेत दिए।

इस दौरान नगर पालिका ईओ राजीव मोहन सक्सेना, एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ अरुण कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी पक्षों की बात सुनी गई। हालांकि, बैठक के बाद भी किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन सकी, जिससे व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है।

फिलहाल प्रशासन सड़क चौड़ीकरण को लेकर अपने रुख पर अडिग है, जबकि व्यापारी राहत की उम्मीद में आगे की रणनीति बनाने में जुटे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और गरमाहट बढ़ने की संभावना है।

Exit mobile version