आजमगढ़ | दिनांक: 28 अप्रैल 2026
आजमगढ़ जनपद में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद गहराता जा रpहा है। ‘राष्ट्रीय सनातन सेना भारत’ के पदाधिकारियों ने एक युवक के खिलाफ कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगठन के जिला अध्यक्ष (युवा मोर्चा) अंकुर सिंह आर्य ने आरोप लगाया है कि 19 अप्रैल 2026 को संगठन की एक शांतिपूर्ण बैठक के बाद साहिल नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने कई पोस्ट में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और पुलिस को टैग करते हुए भी इस तरह की गतिविधियां जारी रखीं।
संगठन का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियों से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और साम्प्रदायिक तनाव फैलने की आशंका भी उत्पन्न हो गई है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

