आजमगढ़ में 150 से अधिक प्रशिक्षार्थियों को मिला लाभ, स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित
आजमगढ़। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी)” एवं “विश्वकर्मा श्रम सम्मान” योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित कारीगरों को उन्नत टूलकिट का वितरण कार्यक्रम 05 मई 2026 को जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, आजमगढ़ परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षार्थियों को उनके संबंधित शिल्प एवं ट्रेड के अनुसार टूलकिट वितरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त उद्योग द्वारा मुख्य अतिथि का बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत करने से हुई। इस दौरान उपायुक्त उद्योग ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशिक्षार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त टूलकिट के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करें।
मुख्य अतिथि ध्रुव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनका आर्थिक विकास सुनिश्चित हो रहा है।
टूलकिट वितरण के दौरान सिल्क साड़ी, ब्लैक पॉटरी सहित विभिन्न ट्रेडों के लगभग 150 प्रशिक्षार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसमें नाई, बढ़ई, कुम्हार, राजमिस्त्री, मोची और लोहार जैसे पारंपरिक कार्यों से जुड़े कारीगर शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त उद्योग ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

