Site icon Akclivenews18

स्वर्गीय लालसा राय जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, लोगों ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प

आजमगढ़। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्वर्गीय लालसा राय जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर गुरुवार को श्री लालसा राय इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके परिवारजनों, कांग्रेस पदाधिकारियों, शिक्षकों, क्षेत्रीय नागरिकों एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह “मुन्ना” एवं राजीव कुमार सिंह “राजू” ने कहा कि स्वर्गीय लालसा राय जी ने अपने जीवन में अनुशासन, नैतिकता, शिक्षा और सामाजिकता की जो ज्योति जलाई थी, उसे आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि उनके पिताजी की कथनी और करनी में हमेशा समानता रही। उनके व्यवहार, वाणी, कर्म और रहन-सहन में अनुशासन, सच्चाई, शालीनता और संस्कार स्पष्ट रूप से दिखाई देते थे।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लालसा राय जी नशामुक्त और आदर्श जीवनशैली के प्रतीक थे तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत थे। परिवार एवं उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि उनके बताए हुए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जाएगा तथा उनके नाम को और अधिक गौरवान्वित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल कुमार सिंह “मुन्ना” ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कम समय में सूचना देने के बावजूद जिस प्रकार बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपना स्नेह और समर्थन दिया, वह परिवार के लिए भावुक करने वाला क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता का सहयोग और आशीर्वाद आगे भी इसी तरह मिलता रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कांग्रेस कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version