डीएम और एसपी ने धर्मगुरुओं संग की पीस कमेटी बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
चन्दौली। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।
बैठक में जनपद के मुस्लिम धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नमाज निर्धारित स्थलों एवं मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
अंत में प्रशासन ने सभी नागरिकों से बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
