Site icon Akclivenews18

पीएच.डी.-2024 कोर्सवर्क परीक्षा का कुलपति ने किया औचक निरीक्षण

कुल 32 विषयों में 382 शोधार्थियों ने परीक्षा में किया प्रतिभाग

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव यूनिवर्सिटी आजमगढ़ में मंगलवार को पीएच.डी.-2024 कोर्सवर्क परीक्षा का शुभारंभ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में हुआ। शोध एवं अकादमिक गुणवत्ता को नई दिशा देने की मंशा के साथ आयोजित इस परीक्षा में विश्वविद्यालय परिसर सुबह से ही शोधार्थियों की अकादमिक ऊर्जा से गुलजार दिखाई दिया।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शोध परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. सौम्य सेनगुप्ता के निर्देशन में आयोजित परीक्षा सुचारू रूप से सुबह शुरू हुई, इस परीक्षा की गंभीरता इसी से समझी जा सकती है कि स्वयं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने औचक निरीक्षण कर परीक्षा की सुचिता को परखा। उन्होंने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा परीक्षा संचालन में लगे अधिकारियों और शिक्षकों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने का स्पष्ट निर्देश दिए।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 32 विषयों की पीएच.डी. कोर्सवर्क परीक्षा में कुल 385 शोधार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 382 उपस्थित रहे, जबकि केवल 3 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय शोध की गुणवत्ता और अकादमिक उत्कृष्टता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि पीएच.डी. कोर्सवर्क केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि शोधार्थियों की बौद्धिक क्षमता और अनुसंधान दृष्टि को सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च स्तरीय शोध संस्कृति विकसित करना है।

केंद्राध्यक्ष प्रो. सौम्य सेनगुप्ता ने बताया कि परीक्षा पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जा रही है। सभी परीक्षा कक्षों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा शोधार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शोधपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और बेहतर अकादमिक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि कोर्सवर्क परीक्षा के शेष प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं 27 एवं 29 मई को आयोजित की जाएंगी। वहीं आगामी शैक्षणिक सत्र-2025-26 की पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा की तिथि भी शीघ्र घोषित की जाएगी।परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षकगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे तथा व्यवस्थाओं के सफल संचालन में सहयोग करते दिखाई दिए।

डॉ. प्रवेश सिंह मीडिया प्रभारी महाराजा सुहेलदेव वि.वि.आजमगढ़ मो. नं. 9452 4458 78

Exit mobile version