सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में 99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन
आज़मगढ़।
99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में एनसीसी कैडेटों का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-313 का शुभारंभ बुधवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में हुआ। यह शिविर 26 मई से 4 जून तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर का उद्घाटन करते हुए कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने कहा कि एनसीसी संगठन का उद्देश्य अनुशासित, उच्च चरित्र एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित युवाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि भारत की दूसरी रक्षा पंक्ति के रूप में प्रसिद्ध एनसीसी संगठन युवाओं को रेजिमेंटल लाइफ का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के शिविरों के लिए तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी राष्ट्रीय कैम्पों के लिए योग्य कैडेटों के चयन तथा उनके व्यक्तित्व विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनसीसी के माध्यम से तैयार होने वाले युवा न केवल भारतीय सेना बल्कि समाज में भी उत्कृष्ट मानव संसाधन के रूप में राष्ट्र सेवा का कार्य करते हैं।
कर्नल दिनेश शर्मा ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी कैडेट्स को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने एवं किसी भी समस्या की जानकारी उचित माध्यम से देने का निर्देश दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि शिविर की विभिन्न गतिविधियों से कैडेट्स बेहतर प्रशिक्षण एवं अनुभव प्राप्त कर एक नए व्यक्तित्व के साथ अपने घर लौटेंगे।
इस अवसर पर एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेबी सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय, ट्रेनिंग ऑफिसर कैप्टन इंद्रजीत, कैम्प क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, जेसीओ, एनसीओ, पीआई स्टाफ सहित विभिन्न कॉलेजों के लगभग 500 कैडेट्स उपस्थित रहे।
डॉ. पंकज सिंह

