Site icon Akclivenews18

प्रसूता की संदिग्ध मौत पर सुमन अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

आजमगढ़। लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन अस्पताल में प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार देर शाम माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल संचालक व कथित झोलाछाप डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही डायल-112 और देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार देवगांव थाना क्षेत्र के रणमो बम्मोंपुर निवासी 22 वर्षीय प्रियंका राजभर पत्नी धर्मवीर की शादी मई 2025 में हुई थी। सोमवार सुबह लालगंज स्थित सुमन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के जरिए प्रियंका ने एक बच्ची को जन्म दिया था। यह उसका पहला प्रसव था। पति धर्मवीर मुंबई में नौकरी करता है।

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार शाम अचानक प्रियंका की हालत बिगड़ने लगी और उसके मुंह से खून आने लगा। आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने समुचित इलाज उपलब्ध कराने के बजाय भूत-प्रेत जैसी बातें कही और आनन-फानन में वाराणसी रेफर करने की तैयारी करने लगा। परिजनों के अनुसार रास्ते में रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाद में फोन कर सूचना दी गई कि रास्ते में ही प्रियंका की मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही करीब सौ से अधिक ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।

सूचना पर सीएचसी देवगांव के डॉक्टर आत्मा राम सिंह भी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अस्पताल में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। अस्पताल परिसर में फार्मेसी, वार्ड, ओपीडी कक्ष और डिलीवरी रूम तो मिला, लेकिन अस्पताल से जुड़े दस्तावेज दिखाने वाला कोई मौजूद नहीं था। अधीक्षक ने बताया कि कर्मचारियों के आने पर अस्पताल के अभिलेखों की जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में भी उक्त अस्पताल तीन बार सीज किया जा चुका है।

देर रात जब शव परिजनों के पास पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। परिजन शव घर ले जाने और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

Exit mobile version