Site icon Akclivenews18

गंगा घाटों पर वाराणसी पुलिस सख्त, बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर होगी कार्रवाई

गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस सख्त, बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर कार्रवाई के निर्देश

वाराणसी। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं नोडल जल पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा जल पुलिस टीम के साथ गंगा नदी के विभिन्न घाटों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। विशेष रूप से उन लोगों को चेतावनी दी गई जो निर्धारित जेटी एवं सुरक्षित क्षेत्र से बाहर जाकर स्नान कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करना जानलेवा साबित हो सकता है।

गंगा नदी में संचालित नावों की भी सघन जांच की गई। बिना लाइफ जैकेट के नाव संचालन करने वाले नाविकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी नाविकों को प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा निर्धारित नियमों के तहत ही नाव संचालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं नोडल जल पुलिस ने जल पुलिस और संबंधित अधिकारियों को घाटों तथा नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान एवं नौका विहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करें।

Exit mobile version