ड्यूटी में लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, 13 पुलिसकर्मी निलंबित
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी द्वारा पुलिसकर्मियों के कार्यों की सतत समीक्षा और आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी बिना अनुमति रात्रि ड्यूटी से अनुपस्थित रहे, जबकि बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व की ड्यूटी के दौरान भी कई कर्मियों ने निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़ दिया था।
निरीक्षण के दौरान कुछ पीआरवी कर्मी ड्यूटी के समय सोते हुए पाए गए। वहीं कई पुलिसकर्मी मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) से संबंधित आवश्यक जानकारी से भी अनभिज्ञ मिले। टोल प्लाजा और अन्य संवेदनशील स्थलों पर गो-तस्करी रोकने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग में भी लापरवाही सामने आई।
एसएसपी ने पाया कि कई स्थानों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी चेकिंग करने के बजाय आराम करते मिले। कुछ स्थानों पर उनके पास चारपाई भी रखी मिली, जिस पर वे बैठे अथवा आराम करते पाए गए। इसे पुलिस विभाग की छवि और कार्यप्रणाली के प्रतिकूल माना गया।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने तथा 19 के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
