Site icon Akclivenews18

चहनियां लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल

चहनियां लूटकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

चंदौली। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चहनियां बाजार में पिस्तौल के बल पर हुई लूटकांड का सफल अनावरण कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गिरफ्तार किये गये, जबकि एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान पुलिस टीम पर भी फायरिंग की गई, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को गोविंद मिश्रा निवासी मिश्रपुरा, थाना बलुआ निजी कार्य से चहनियां बाजार गये थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनका VIVO मोबाइल फोन और 3200 रुपये नगद लूटकर फरार हो गये। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पीड़ित की तहरीर पर थाना बलुआ में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों बदमाशों की पहचान कर ली गई।

शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आए हुए हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान संदिग्ध पल्सर बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के हाथ में गोली लग गई, जबकि आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में अभियुक्त अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरे आरोपी आकाश कुमार को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, लूट का मोबाइल फोन, 2500 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली थाना धानापुर तथा आकाश कुमार निवासी महुअर थाना बलुआ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है और इनके खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

घटना के खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बलुआ पुलिस टीम की सराहना की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

 

Exit mobile version