Site icon Akclivenews18

पटपरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा,

पटपरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, सुपारी देकर कराई गई थी मनोज कुमार की हत्या

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव में हुए चर्चित मनोज कुमार हत्याकांड का चंदौली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या ब्याज के पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से कराई गई थी। इस मामले में रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात कृष्ण भगवान सिंह को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है, जिसने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों से वारदात को अंजाम दिलवाया।

पुलिस के अनुसार, 6 जून को मनोज कुमार को रुपये देने का झांसा देकर घर से बुलाया गया। इसके बाद उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर पटपरा गांव के पास पहले सिर में और फिर सीने में गोली मार दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं लगातार 15 घंटे तक पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी कृष्ण भगवान सिंह ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले शूटरों से कई दिनों तक इलाके की रेकी कराई गई थी। पुलिस ने घटना में शामिल शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर पिस्टल, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

मुख्य साजिशकर्ता कृष्ण भगवान सिंह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई से प्रभावित होकर एडीजी वाराणसी जोन ने पूरी टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

चंदौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

Exit mobile version