Site icon Akclivenews18

सीएम योगी ने सुनी जनता की फरियाद,

सीएम योगी ने सुनी जनता की फरियाद, बेटी की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एक जरूरतमंद छात्रा की मदद कर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता का परिचय दिया।

जनता दर्शन में लखनऊ की एक बच्ची अपनी बुजुर्ग मां के साथ पहुंची। छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंकों से पास किया है और अब बीटेक करना चाहती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे की पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट देखने के बाद उसे भरोसा दिलाया कि उसका दाखिला लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी गरीब और जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा रुकने नहीं देगी।

मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जे और पुलिस की लापरवाही से जुड़े मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया। विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने पुलिस की अनदेखी और दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायतें कीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाया जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनता पहले अपने जनपद और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करे, जिससे कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके। उन्होंने गर्मी को देखते हुए लोगों से अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी।


अब तक की बड़ी खबरें

अखिलेश यादव 14 जून को आगरा आएंगे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 14 जून को आगरा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह ITC मुगल में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कुशीनगर में राशन घोटाले का आरोप

सरकारी राशन की 120 बोरी चावल ट्रक से निजी ट्रॉली में उतारे जाने का मामला सामने आया है। तहसीलदार ने ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया है। मामला कसया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

आगरा में दो पक्षों में फायरिंग

पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग और पथराव हुआ। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

बुलंदशहर में मुठभेड़

फायरिंग कांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर उसके पास से कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।

लखनऊ में साइबर ठगी

राजधानी में पुलिसकर्मी समेत चार लोगों के खातों से 9.19 लाख रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम सेल ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूपी में बीजेपी का जनसंपर्क अभियान शुरू

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चला रही है। 14 जून तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

डोमिनिकन रिपब्लिक में विमान हादसा

इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट विमान क्रैश हो गया, जिसमें पायलट और को-पायलट की मौत हो गई।

 

 

Exit mobile version