Site icon Akclivenews18

एसबीआई की दोहरी पहल स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट आयोजित

एसबीआई की दोहरी पहल स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट आयोजित, पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आजमगढ़ में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

भारतीय स्टेट बैंक एसबीआई द्वारा आजमगढ़ में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कृषि विकास को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। एक ओर होटल रघुकुल ग्रैंड में “स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट” आयोजित की गई, वहीं दूसरी ओर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रैदोपुर में एसबीआई के सौजन्य से स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया गया।

स्मार्ट क्लास का लोकार्पण जिलाधिकारी आजमगढ़ रवीन्द्र कुमार एवं भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक (नेटवर्क थ्री कौशलेन्द्र कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक, प्रशासनिक कार्यालय वाराणसी आनंद कुमार तथा क्षेत्रीय प्रबंधक, आजमगढ़ क्षेत्र अजीत कुमार तिवारी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कहा कि डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा स्मार्ट क्लास जैसी पहलें ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की।

महाप्रबंधक कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़कर उनके भविष्य को नई दिशा प्रदान करेगी।

इसके उपरांत होटल रघुकुल ग्रैंड में आयोजित “स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट” में जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 60 प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों एवं बैंक के प्रमुख कृषि ग्राहकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों, कृषि वित्तपोषण तथा कृषि आधारित उद्यमों के विकास संबंधी जानकारी साझा करना था।

कार्यक्रम में सहायक महाप्रबंधक कृषि व्यवसाय एवं जीएसएस स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ, अशोक कुमार सिंह ने कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नवीन अवसरों, कृषि अवसंरचना निधि एआईएफ कृषि प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन आधारित उद्यमों की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार तिवारी ने किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया, जबकि उप महाप्रबंधक आनंद कुमार ने कृषि एवं ग्रामीण विकास के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराया।

कार्यक्रम का संचालन एवं विस्तृत प्रस्तुतीकरण मुख्य प्रबंधक, एसबीआई मुख्य शाखा आजमगढ़, विशाल दत्त द्वारा किया गया। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, एग्री गोल्ड लोन, एग्री इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड, डेयरी, पशुपालन, बागवानी, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार, मुख्य प्रबंधक राजीव पाण्डेय मुख्य प्रबंधक शिव नाथ सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उपस्थित किसानों, कृषि उद्यमियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने एसबीआई की इस दोहरी पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा एवं कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Exit mobile version