Site icon Akclivenews18

विश्व योग दिवस की तैयारी तेज, सिधारी में लगा बृहद योग शिविर

विश्व योग दिवस 2026 को सफल बनाने हेतु हनुमान मंदिर, मंडलीय विकास भवन परिसर सिधारी में बृहद योग शिविर का आयोजन

आजमगढ़, 𝟭𝟴 जून 2026:

आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से आज प्रातः 5 बजे हनुमान मंदिर, मंडलीय विकास भवन परिसर, सिधारी में एक बृहद योग शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर का आयोजन श्री रामतीर्थ यादव के विशेष प्रयासों से किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षक श्री नरेंद्र सिंह द्वारा आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप योगाभ्यास कराया गया। शिविर में ताड़ासन, चक्रासन, शलभासन, वक्रासन, वज्रासन, मंडूकासन, त्रिकोणासन आदि महत्वपूर्ण योगासनों का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया। साथ ही प्राणायाम, ध्यान एवं योग के वैज्ञानिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

योग प्रशिक्षक श्री नरेंद्र सिंह ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, तनाव मुक्ति एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, कमर दर्द जैसी जीवनशैली जनित बीमारियों से प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के निर्माण हेतु प्रत्येक नागरिक से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

आयोजक श्री रामतीर्थ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की पहल पर शुरू हुआ विश्व योग दिवस आज एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। इस वर्ष की थीम _”एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”_ को साकार करने हेतु हम सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने जनपदवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।

इस अवसर पर योग साधक श्री रामजीत यादव, श्री अवधराज पाल, श्री रवि प्रकाश यादव, श्री जय श्री यादव, श्री अभिषेक, श्री प्रदीप सिंह, श्री बबलू यादव एवं श्री रमेश यादव, श्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव, श्री शिवराम मौर्य, श्री प्रदीप यादव ,डॉ ० पी .के सरकार, श्री अरविंद राय ,श्री योगेंद्र यादव, श्री अजीत यादव, श्री पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं वरिष्ठ योग साधक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Exit mobile version