आजमगढ़। तमसा तट स्थित गोदाम घाट एवं तामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले भंडारे कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक साफ-सफाई की गई।
गोदाम घाट, बागलखराव पुल के नीचे स्थित तमसा घाट क्षेत्र में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मंदिर परिसर, घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में घास की कटाई, झाड़ू लगाकर सफाई तथा नदी तट की स्वच्छता का कार्य किया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
बाबा महादेव दास गोदाम घाट पर आयोजित होने वाले भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सफाई कर्मियों ने पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के दौरान “हम सब ने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है” के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, सुनील यादव एवं रामबचन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।
स्थान: गोदाम घाट, बागलखराव पुल के नीचे, तमसा तट
ग्राम पंचायत: कोडरअजमतपुर
विकासखंड: पल्हनी
जनपद: आजमगढ़
