Site icon Akclivenews18

रीबॉर्न ट्रस्ट के मेहंदी महोत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, विधायक रमेश जायसवाल रहे मुख्य अतिथि

रीबॉर्न ट्रस्ट द्वारा मेहंदी महोत्सव का भव्य आयोजन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान

डीडीयू नगर। रीबॉर्न ट्रस्ट की ओर से सेठ एम.आर. जयपुरिया विद्यालय के सभागार में आयोजित मेहंदी महोत्सव उत्साह, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने क्षेत्र की प्रतिभाशाली मेहंदी कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

रीबॉर्न ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि कला, संस्कृति, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता का उत्सव है। संस्था का उद्देश्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन संस्कृति ज्यूरी काउंसिल द्वारा किया गया, जिसमें केएफएम चंदन सिंह, साहिल कुमार एवं गंगा गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, डिजाइन की मौलिकता, प्रस्तुति, तकनीकी कौशल तथा कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में वंदना सोनकर ने प्रथम, अनुषा राव ने द्वितीय तथा रिमझिम मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त तीन प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडवोकेट तनवीर अंसारी, एडवोकेट अजीत कुमार सोनी (समाजसेवी), नितेश जैश, प्रिया जैश, अमनदीप कौर, आशुतोष सिंह, सतनाम सिंह, नेहा कुमारी, शिवानी सोनकर, अफजल हुसैन, पूनम वर्मा, अलका कुमारी, विष्णु जैश, श्रद्धा सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन सोनाली भारती ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट : AKC 18 LIVE NEWS | डीडीयू नगर ब्यूरो

Exit mobile version