Site icon Akclivenews18

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

Lआजमगढ़। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की जिला इकाई की कार्यकर्ता बैठक सोमवार को कलेक्ट्री कचहरी नगर पालिका रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक शिवमोहन शिल्पकार ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त और मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती को “जनक्रांति दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, आजमगढ़ में आयोजित होगा, जिसमें उनके विचारों और जनहित में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजमगढ़ सहित पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल है तथा विभिन्न विभागों की कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी जुलाई माह में एक बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी, जो व्यवस्था परिवर्तन तक जारी रहेगा।

शिवमोहन शिल्पकार ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी प्रदेश में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा नेता एवं पूर्व सांसद का भी पार्टी को पूरा सहयोग प्राप्त है। रामविलास पासवान के सपनों को साकार करने के लिए पार्टी नेतृत्व पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बैठक में प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी आजमगढ़ राजेश विश्वकर्मा ‘राज’, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नूरसबा मनिहार, रामलाल चौहान, रामसागर चौहान, रामचंद्र चौहान, अखिलेश कुमार, धर्मवीर भारती, किशन भारती, अजय मोदनवाल, राम कुमार लाल, बिहारी गौतम, सुनीता विश्वकर्मा, तेज गौतम, शीला भारती, त्रिलोचनी चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version