Site icon Akclivenews18

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत शिब्ली नेशनल कॉलेज में हुआ वृक्षारोपण

आजमगढ़, 12 जुलाई। माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम पर प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज आजमगढ़ जनपद के उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी एवं शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं जनसामान्य से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी आधारित मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावनाओं को भी सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है।ज्ञातव्य है कि प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में आजमगढ़ जनपद के उच्च शिक्षा विभाग को 21,600 पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस अभियान में पूरे जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों के समन्वय हेतु शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ को नोडल महाविद्यालय बनाया गया है। अभियान के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी प्रो. अफसर अली तथा नोडल प्रभारी डॉ. शफ़िउज़्ज़मा हैं।

अभियान के अंतर्गत आज जनपद के सभी 22 विकास खंडों के विभिन्न महाविद्यालयों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. एहतेशामुल हक, डॉ. अबु राफ़े, डॉ. बदीउज़्ज़मा, डॉ. आसिम ख़ान, डॉ. ज़फ़र आलम, डॉ. नवी हसन एवं नसीम ख़ान सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version