आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के नए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राकेश कुमार पटेल ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
नवनियुक्त सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण विकास, स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने तथा पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
राकेश कुमार पटेल ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के सहयोग से आजमगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
