जीडी ग्लोबल स्कूल, करतालपुर बाईपास, आजमगढ़ के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के छात्र आत्री सिंह (Attri Singh) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर स्वर्ण पदक, राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक अर्जित किया। वहीं छात्र अथर्व सिंह (Atharva Singh) ने जिला स्तर पर स्वर्ण पदक एवं राज्य स्तर पर रजत पदक प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी फेडरेशन कप एवं ऑल इंडिया चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “जीडी ग्लोबल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी हमारे विद्यार्थी निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहे हैं। आत्री सिंह एवं अथर्व सिंह की यह उपलब्धि उनके समर्पण, कठिन परिश्रम और विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय एवं देश का गौरव बढ़ाएंगे।” विद्यालय के प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि “प्रतिभा तभी निखरती है जब उसे उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन प्राप्त हो। जीडी ग्लोबल स्कूल विद्यार्थियों को प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि समस्त विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमें विश्वास है कि वे आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताएँ अर्जित करेंगे।” विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भूस्कूटे ने दोनों खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। विद्यालय परिवार को अपने इन होनहार विद्यार्थियों पर गर्व है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं तथा आशा करते हैं कि वे आगामी फेडरेशन कप एवं ऑल इंडिया चैंपियनशिप में भी स्वर्णिम प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।” विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ की हैं तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहेl
जीडी ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर किया विद्यालय का नाम रोशन
